News Saga Desk
पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने सरकार पर निशाना साधा है। तेजस्वी को CM के द्वारा बच्चा कहने पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वो तो मेरे पिता के उम्र के ही है न, क्या दिक्कत है बच्चा कहा तो। आगे उन्होंने कहा कि बच्चा जब बोलता है तो कच्ची बात नहीं बोलता है।
तेजस्वी ने कहा कि पहले वोटर सरकार को चुनते थे। अब सरकार वोटर को चुन रही है कि किसको वोट देना है किसको नहीं देना है। सदन में भाई वीरेंद्र को माफी मांगने वाले बयान पर तेजस्वी ने विजय सिन्हा और अशोक चौधरी पर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि यही दोनों न दो दिन पहले NDA की बैठक में लड़ लिए थे। एक ने कहा तुम ग्रामीण कार्य विभाग को लुट लिए। दूसरे ने कहा तुम माइनिंग लुट लिए और आज करण-अर्जुन बनकर घूम रहे हैं।
55 लाख वाेटर्स का नाम काटा गया
उन्होंने कहा कि आज हमें सदन में बोलने का मौका मिला। हम बता रहे थे कि कैसे बिहार से लोग पलायन कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग का एक आंकड़ा आया है, जिसमें बताया गया कि 55 लाख लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काटा गया है। वहीं कुछ लोग बहुत हल्की राजनीति कर रहे हैं और सदन की गरिमा को गिराने का काम कर रहे हैं। अध्यक्ष ने उप मुख्यमंत्री और मंत्री को भी फटकार लगाई, लेकिन विजय सिन्हा बोलते रहे। उन्होंने कहा ‘यही बोलता रहेगा’, ये बहुत गलत बात है।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव।
सरकार किसकी है, PM किसका है, CM किसका है ?
तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष सवाल नहीं पूछेगा तो जवाब कौन देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बात बीच में रोक दी गई। हमने तो सबूत भी दिखाया। चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में 700 पन्नों का हलफनामा दिया है, जिसमें कहीं भी विदेशी नागरिकों का जिक्र नहीं है। BJP के बूथ स्तर के लोगों ने भी विदेशी नागरिकों का कोई जिक्र नहीं किया। अगर नाम है भी तो सरकार किसकी है, PM किसका है, CM किसका है ?
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि चुनाव आयोग ने प्रेस नोट में कहा है कि 22% लोग घर पर नहीं पाए गए। इस हिसाब से करीब 80 लाख लोगों का नाम काटा जाएगा। एक विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख से ज्यादा नाम काटे जाएंगे। ये सिर्फ वोटर लिस्ट बनाने की बात नहीं है, यह लोगों के अस्तित्व को ही खत्म करना चाहते हैं।
CM की स्थिति अब सरकार चलाने लायक नहीं
CM नीतीश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हम जब बोल रहे थे तो बीच में मुख्यमंत्री जी उठ गए। पूरे सदन में पता था कि चर्चा SIR पर हो रही है, लेकिन उनका जो हमेशा भाषण याद है वहीं बोलते चले गए।
सब जानते हैं कि CM की स्थिति अब सरकार चलाने लायक नहीं रही। सरकार दिल्ली से अमित शाह के इशारे पर चल रही है। पहले वोटर सरकार चुनते थे, अब सरकार में बैठे लोग वोटर चुन रहे हैं। तेजस्वी यादव ने RJD विधायक भाई भाई वीरेंद्र का बचाव भी किया। उन्होंने क्या गलत कहा है ‘किसी के बाप का सदन थोड़ी है’। जब सीएम बोल रहे थे तो हम चुप थे, क्योंकि वो सदन के नेता हैं।
वहीं जब नेता प्रतिपक्ष बोल रहा था तो यह लोग क्यों बोलने लगे ? इनके ख़ुराफ़ाती उप मुख्यमंत्री हल्ला मचाने लगे। यह लोग हल्की आदतों से बहस कर रहे हैं।
No Comment! Be the first one.