संसद का बजट सत्र आज से, राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ होगी शुरुआत

News Saga Desk

नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत लोकसभा में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। यह बजट सत्र 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा और इसे दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। आगामी 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा।

राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद पेश होगा आर्थिक सर्वेक्षण

बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। इसके बाद गुरुवार को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। इस बार आर्थिक सर्वेक्षण आम बजट से तीन दिन पहले प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में खासा ध्यान है।

दो चरणों में आयोजित होगा बजट सत्र

बजट सत्र को दो हिस्सों में विभाजित किया गया है। पहला चरण आज से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद सत्र को स्थगित किया जाएगा। दूसरा चरण 9 मार्च से आरंभ होकर 2 अप्रैल तक चलने की संभावना है। इस अंतराल के दौरान संसदीय समितियां बजट प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा करेंगी।

बजट सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक

बजट सत्र की शुरुआत से पहले सरकार ने विपक्ष से सहयोग की अपील करते हुए सर्वदलीय बैठक आयोजित की। मंगलवार को आयोजित इस बैठक में 39 राजनीतिक दलों के मंत्रियों सहित कुल 51 नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की।

बैठक के दौरान विपक्षी दलों ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मनरेगा योजना के स्थान पर प्रस्तावित नई रोजगार गारंटी व्यवस्था से जुड़े VB-G RAM G कानून सहित अन्य मुद्दों पर संसद में चर्चा कराने की मांग उठाई। हालांकि, सरकार की ओर से मनरेगा का नाम बदलने और एसआईआर से जुड़े विषयों पर बहस की मांग को स्वीकार नहीं किया गया।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More