News Saga Desk
अब रसोई गैस खत्म होने पर उपभोक्ताओं को डिलीवरी का इंतजार करने या गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साइबर सिटी गुरुग्राम देश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जहां एलपीजी गैस एटीएम की शुरुआत की गई है। नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में यह अपनी तरह की पहली स्मार्ट सुविधा है।
यह अत्याधुनिक वेंडिंग मशीन Central Park Flower Valley में स्थापित की गई है, जो पूरी तरह ऑटोमेटेड है और बैंक एटीएम की तरह तेज और सरल तरीके से काम करती है।
मिनटों में मिलेगा भरा हुआ सिलेंडर
इस एलपीजी एटीएम की मदद से उपभोक्ता खाली सिलेंडर देकर मात्र 2 से 3 मिनट में भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। यहां पारंपरिक भारी लोहे के सिलेंडर की जगह हल्के और आधुनिक कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिनका वजन लगभग 15 किलोग्राम है, जिससे इन्हें उठाना आसान हो जाता है।
इसके अलावा, ये सिलेंडर पारदर्शी होते हैं, जिससे उपभोक्ता आसानी से गैस की मात्रा देख सकते हैं। जंग और धूल से मुक्त होने के कारण ये किचन को भी साफ-सुथरा बनाए रखते हैं।
24×7 सेवा और डिजिटल भुगतान की सुविधा
यह मशीन दिन-रात यानी 24×7 सेवा के लिए उपलब्ध है। BharatGas के ग्राहक इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
प्रक्रिया बेहद सरल है—
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालकर OTP से सत्यापन करें, खाली सिलेंडर का QR कोड स्कैन करें और UPI या डेबिट कार्ड के माध्यम से भुगतान करें। भुगतान सफल होते ही मशीन से भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त हो जाता है।
स्मार्ट तकनीक से लैस सिस्टम
मशीन में लगे स्मार्ट सेंसर सिलेंडरों की संख्या पर नजर रखते हैं। जैसे ही स्टॉक कम होकर दो सिलेंडर रह जाते हैं, सिस्टम स्वतः नजदीकी गैस एजेंसी को अलर्ट भेज देता है, जिससे समय पर रिफिल सुनिश्चित हो सके।
यह पहल न केवल उपभोक्ताओं के लिए सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि एलपीजी वितरण प्रणाली को भी अधिक आधुनिक और पारदर्शी बनाएगी।
No Comment! Be the first one.