News Saga Desk
पटना हाई कोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। जस्टिस संगम कुमार साहू ने बुधवार को पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। लोक भवन स्थित राजेंद्र मंडप में आयोजित समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सहित कई मंत्री, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जस्टिस संगम कुमार साहू इससे पहले ओडिशा हाई कोर्ट के न्यायाधीश रह चुके हैं और कानून के क्षेत्र में उनका लंबा एवं प्रभावशाली अनुभव रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिसंबर 2025 में उनके नाम की अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजी थी। राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की। इससे पहले पटना हाई कोर्ट में न्यायमूर्ति सुधीर सिंह कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल रहे थे।
जस्टिस साहू का जन्म 5 जून 1964 को हुआ था। उन्होंने कटक के नया बाजार हाई स्कूल से मैट्रिक, स्टीवर्ट साइंस कॉलेज से बीएससी और उत्कल विश्वविद्यालय से अंग्रेजी व उड़िया में परास्नातक की पढ़ाई की। 26 नवंबर 1989 को उन्होंने ओडिशा राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। फौजदारी मामलों के विशेषज्ञ के रूप में पहचान बनाने के बाद 2 जुलाई 2014 को उन्हें ओडिशा हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।

No Comment! Be the first one.