‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर 7 मार्च को होगा रिलीज, रणवीर सिंह के नए पोस्टर ने बढ़ाई उत्सुकता

News Saga Desk

नई दिल्ली: अभिनेता रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ की रिलीज डेट नजदीक आने के साथ ही दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हालांकि इससे पहले दर्शकों की नजर इसके ट्रेलर पर टिकी हुई थी, जिसकी रिलीज को लेकर पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।

कई लोगों को उम्मीद थी कि फिल्म का ट्रेलर होली से पहले जारी कर दिया जाएगा। कुछ रिपोर्ट्स में 6 मार्च को ट्रेलर रिलीज होने की भी चर्चा थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और फैंस को थोड़ी और प्रतीक्षा करनी पड़ी।

रणवीर सिंह ने किया ट्रेलर डेट का ऐलान

इसी बीच फिल्म के मेकर्स ने नया पोस्टर जारी करते हुए ट्रेलर की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। पोस्टर के मुताबिक ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का ट्रेलर शनिवार 7 मार्च को सुबह ठीक 11 बजकर 1 मिनट पर रिलीज किया जाएगा।

 

जारी पोस्टर में रणवीर सिंह का दमदार और इंटेंस लुक देखने को मिल रहा है। वह हाथ में गन लिए नजर आ रहे हैं और उनका किरदार ‘हमजा’ काफी प्रभावशाली बताया जा रहा है। रणवीर सिंह ने पोस्टर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “तैयार हो जाओ।”

टला बॉक्स ऑफिस क्लैश

पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। फैंस अब ट्रेलर रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच फिल्म के संभावित बॉक्स ऑफिस क्लैश को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है।

पहले माना जा रहा था कि यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ और ‘धुरंधर 2’ एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज होंगी। हालांकि अब यह टकराव टल गया है।

अब 4 जून को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’

अभिनेता यश ने हाल ही में घोषणा की है कि उनकी फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। अब यह फिल्म 19 मार्च के बजाय 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

बताया जा रहा है कि निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ को पहले भाग से भी बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Read More News

Read More