News Saga Desk
सरायकेला: झारखंड के सरायकेला जिले के खापरसाई प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्कूल भवन का छज्जा अचानक गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बच्चे मिड डे मील के लिए कक्षा से बाहर थे। इस घटना में मुस्कान बारला (11), रेशमी बारला (09) और सोनाली जामुदा (07) को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मिड डे मील के दौरान गिरा छज्जा
जानकारी के अनुसार, घटना के समय स्कूल में 27 बच्चे उपस्थित थे। मध्यान्ह भोजन की घंटी बजते ही बच्चे वाशरूम और रसोईघर की ओर चले गए थे। इसी दौरान स्कूल भवन के बाहरी हिस्से का छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। दो कमरों वाले इस विद्यालय में अक्सर बच्चे बरामदे में भी बैठते हैं, ऐसे में एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
हादसे के बाद बच्चों में डर
घटना के बाद बच्चे स्कूल भवन के अंदर जाने से डर रहे हैं। मिड डे मील के बाद बच्चों ने स्कूल परिसर में पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई की। शिक्षिका भी दरी बिछाकर बाहर ही कक्षाएं संचालित करती नजर आईं।
40 साल पुराना जर्जर भवन
ग्रामीणों के मुताबिक, खापरसाई प्राथमिक विद्यालय का भवन करीब 38 से 40 वर्ष पुराना है। इसकी स्थापना वर्ष 1985 में तत्कालीन बिहार सरकार के समय हुई थी। पिछले कई वर्षों से भवन जर्जर स्थिति में है, जो बरसात के मौसम में और अधिक खतरनाक हो जाता है।
बारिश से कमजोर हुआ ढांचा
बताया जा रहा है कि रविवार और सोमवार को हुई हल्की बारिश के कारण दीवारों में नमी आ गई, जिससे छज्जा कमजोर होकर गिर पड़ा। इस स्कूल में कक्षा एक से पांच तक पढ़ाई होती है और कुल 28 बच्चे नामांकित हैं। विद्यालय में प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी पंडा और शिक्षिका काजल टुडू कार्यरत हैं।
पहले ही दी गई थी चेतावनी
प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी पंडा ने करीब सात महीने पहले प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को पत्र लिखकर भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि बरसात में छत से पानी टपकता है और प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। साथ ही, वैकल्पिक रूप से गोविंदपुर पंचायत भवन में स्कूल संचालन का सुझाव भी दिया गया था, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
No Comment! Be the first one.