News Saga Desk
रामगढ। झारखंड के वरिष्ठ नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में आज संस्कार भोज का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। गुरुजी की स्मृति में आयोजित इस विशाल आयोजन में देशभर से कई दिग्गज नेता, मंत्री और संत-विद्वान शामिल होंगे। गुरुजी के आवास तक गोला चौक से लेकर नेमरा गांव तक लगभग 25 किलोमीटर लंबी नई सड़क का निर्माण कराया गया है। इस मार्ग के दोनों ओर गुरुजी के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धा और सम्मान का वातावरण बना है। सड़क के किनारे 4000 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जबकि बिजली गुल होने की स्थिति से निपटने के लिए 200 से अधिक जनरेटर की व्यवस्था की गई है।
संस्कार भोज के लिए विभिन्न स्थानों पर पाँच विशाल पंडाल बनाए गए हैं, जहां भोजन बनाने और परोसने की व्यवस्था की गई है। इन पंडालों को गुरुजी की तस्वीरों से सजाया गया है, ताकि आगंतुक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें। पंडालों में एसी और कूलर की भी समुचित व्यवस्था की गई है। जानकारी के अनुसार, इस भोज में 300 से अधिक चूल्हों पर 12 से अधिक प्रकार के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। भोज का शुभारंभ सुबह 11 बजे से होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, योगगुरु बाबा रामदेव, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और आरके आनंद की उपस्थिति तय मानी जा रही है। कैबिनेट सचिवालय द्वारा इनकी भागीदारी की पुष्टि कर दी गई है। इनके अतिरिक्त, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, उत्तर प्रदेश के अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री संजीव कुमार गोंड, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पश्चिम बंगाल व पंजाब के मुख्यमंत्री अथवा उनके प्रतिनिधियों सहित अन्य राज्यों के नेताओं के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
No Comment! Be the first one.