News Saga Desk
रामगढ़ : जिले के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पालू जंगल के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में सीसीएल की खलारी परियोजना में कार्यरत महावीर नायक (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार नायक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, पालू जंगल के समीप सड़क पर बने तीखे मोड़ पर बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार महावीर नायक की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वे भदानी नगर ओपी क्षेत्र के लपंगा गांव के रहने वाले थे।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए घायल प्रिंस कुमार नायक को पतरातू ब्लॉक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना लाई। बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को रामगढ़ सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पालू जंगल के इस तीखे मोड़ पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यहां स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
No Comment! Be the first one.