बिहार के सारण जिले में मंगलवार अहले सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर एक ट्रक ने CISF जवानों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 35 जवान घायल हो गए। हादसा रसूलपुर थाना क्षेत्र के पांडेय छपरा गांव के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक, CISF के जवान दिल्ली से बिहार चुनाव ड्यूटी के लिए आए थे और बस से डोरीगंज अनुमंडल की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई जवानों को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 28 गंभीर रूप से घायल जवानों को पटना के PMCH रेफर किया गया, जबकि 7 जवानों का इलाज छपरा सदर अस्पताल में जारी है।
एडीपीओ राजकुमार ने बताया कि जवान ट्रेन से सीवान पहुंचे थे और बस द्वारा छपरा के डोरीगंज जा रहे थे। उसी दौरान एक ट्रक की लापरवाही से यह हादसा हुआ। सौभाग्य से किसी जवान की मौत की खबर नहीं है, लेकिन कई को फ्रैक्चर और आंतरिक चोटें आई हैं।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी घायलों को पूर्ण चिकित्सा सहायता दी जाएगी और दुर्घटना की गहन जांच की जाएगी।
No Comment! Be the first one.