News Saga Desk
रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन शनिवार से फिर से शुरू हो गया। करीब तीन महीने तक बंद रहने के बाद इस रूट पर सेवा बहाल होते ही यात्रियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। दैनिक यात्री, छात्र और व्यापारी अब रेल सेवा की वजह से बड़ी सहूलियत महसूस कर रहे हैं।
पुल की तकनीकी खराबी थी कारण
रांची रेल मंडल के डीआरएम करूणा निधि सिंह ने लोहरदगा स्थित कोयल नदी पर बने रेलवे पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि 4 जनवरी को पुल के पिलर में तकनीकी खराबी आने के कारण लोहरदगा तक ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था। मरम्मत कार्य तुरंत शुरू किया गया और तेजी से पूरा किया गया।
मरम्मत कार्य तय समय से पहले पूरा
रेलवे ने मरम्मत कार्य 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन निर्धारित समय से पहले ही इसे संपन्न कर लिया गया। इसके बाद शनिवार से इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।
दिल्ली जाने वाली ट्रेन भी चलने लगी
डीआरएम ने बताया कि अब इस रूट पर पहले की तरह सभी ट्रेनें चलेंगी। आनंद विहार (दिल्ली) जाने वाली ट्रेन का परिचालन भी लोहरदगा मार्ग से फिर शुरू कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
अमृत भारत योजना से बदलेगा स्टेशन का स्वरूप
डीआरएम ने कहा कि लोहरदगा रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण अमृत भारत योजना के तहत किया गया है। स्टेशन का नया रूप जल्द यात्रियों के सामने आएगा और उद्घाटन की तारीख तय की जाएगी।
यात्रियों को सुरक्षित सफर का भरोसा
डीआरएम ने यात्रियों को आश्वस्त किया कि रेलखंड पर परिचालन अब पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे निर्भीक होकर इस रूट का उपयोग करें।
No Comment! Be the first one.