News Saga Desk
रेल यात्रियों की जेब पर आज से अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। रेलवे मंत्रालय ने यात्री ट्रेनों के किराये में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी है, जो 26 दिसंबर से लागू हो गई है। नई दरों के लागू होने के बाद अब ट्रेन से सफर करना पहले की तुलना में थोड़ा महंगा हो गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि द्वितीय श्रेणी की ऑर्डिनरी ट्रेनों में 215 किलोमीटर तक की यात्रा पर किराया नहीं बढ़ाया गया है।
यह एक साल के भीतर दूसरी बार है जब रेलवे ने टिकट के दामों में संशोधन किया है। इससे पहले जुलाई महीने में भी किराये में बढ़ोतरी की गई थी। रेलवे मंत्रालय का कहना है कि यह फैसला यात्रियों को किफायती सेवाएं देने और बढ़ती परिचालन लागत के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
रेलवे के अनुसार, 216 किलोमीटर से 2250 किलोमीटर तक की दूरी तय करने वाले यात्रियों को 5 रुपये से लेकर 20 रुपये तक अतिरिक्त किराया देना होगा। स्लीपर क्लास में प्रति किलोमीटर 1 पैसा और एसी क्लास में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।
दूरी के हिसाब से किराया बढ़ोतरी इस प्रकार है:
- 0 से 215 किमी: कोई बढ़ोतरी नहीं
- 216 से 750 किमी: ₹5
- 751 से 1250 किमी: ₹10
- 1251 से 1750 किमी: ₹15
- 1751 से 2250 किमी: ₹20
नई किराया दरें राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, अंत्योदय, गतिमान, युवा एक्सप्रेस और नमो भारत रैपिड रेल समेत अन्य विशेष ट्रेनों पर भी श्रेणी के अनुसार लागू होंगी। हालांकि, रिजर्वेशन चार्ज, सुपरफास्ट चार्ज और अन्य शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जीएसटी पहले की तरह लागू रहेगा।
रेलवे ने उपनगरीय ट्रेनों के यात्रियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि सिंगल टिकट और सभी प्रकार के सीजन टिकट (उपनगरीय और गैर-उपनगरीय) के किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसके अलावा, 26 दिसंबर 2025 से पहले बुक किए गए टिकटों पर यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। संशोधित किराया केवल इसी तारीख या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होगा। रेलवे स्टेशनों पर प्रदर्शित किराया सूची को भी नई दरों के अनुसार अपडेट किया जाएगा।
No Comment! Be the first one.