News Saga Desk
मौलाना मज़हरुल हक की जयंती के अवसर पर सोमवार को सारण जिला प्रशासन की ओर से मज़हरुल हक चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने महान स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
कार्यक्रम में जिला स्तर के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. सभी ने मौलाना मज़हरुल हक के आदर्शों पर चलने और समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर बिहार विधान पार्षद के पूर्व उपसभापति सलीम परवेज ने मौलाना मज़हरुल हक के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, सादगी और राष्ट्र सेवा का अद्भुत उदाहरण है. उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ हिंदू-मुस्लिम एकता की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है.
विधान पार्षद विरेन्द्र नारायण यादव ने मौलाना मज़हरुल हक के शैक्षिक और सामाजिक योगदानों को याद करते हुए कहा कि सारण की धरती ऐसे महापुरुषों की कर्मभूमि रही है, जिन्होंने देश और समाज को नई दिशा दी. वहीं जदयू नेता बैजनाथ प्रसाद विकल ने मौलाना मज़हरुल हक को नमन करते हुए उनके निर्भीक पत्रकारिता के दौर को स्मरण किया.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी कृतज्ञता व्यक्त की. बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी माटी के इस महान सपूत को नमन कर उनके योगदान को याद किया.
No Comment! Be the first one.