भारत पर टैरिफ लगाकर घिरे ट्रंप, अमेरिकी सीनेटर बोले-भारत-अमेरिका संबंध खतरे में

News Saga Desk

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने का एलान किया है। ट्रंप भले ही ट्रेड डील के लिए भारत पर टैरिफ लगाकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन उनके अपने ही देश में इस फैसले को समर्थन नहीं मिल रहा है। अमेरिकी सीनेटर ट्रंप के फैसले की आलोचना कर रहे हैं और इसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिए खतरा बता रहे हैं।

हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी डेमोक्रेट्स ने चेतावनी दी है कि ट्रंप का फैसला सावधानीपूर्वक विकसित किए गए भारत-अमेरिका संबंधों के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि किसी भी चिंता का समाधान सम्मानजनक तरीके से किया जाना चाहिए।

ट्रंप पर साधा निशाना

सोशल मीडिया साइट एक्स पर हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी डेमोक्रेट्स ने एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें अमेरिकी रिप्रजेंटेटिव ग्रेगरी मीक्स के बयान का जिक्र किया गया है। इसमें लिखा है, ‘ट्रंप का हालिया टैरिफ टैन्ट्रम अमेरिका-भारत की साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए वर्षों से किए गए प्रयासों को खतरे में डाल रहा है।’

उन्होंने लिखा, ‘हमारे बीच गहरे रणनीतिक, आर्थिक और लोगों के बीच पारस्परिक संबंध हैं। चिंताओं का समाधान हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप पारस्परिक सम्मान के साथ किया जाना चाहिए।’ उधर डोनाल्ड ट्रंप ने कह दिया है कि जब तक टैरिफ विवाद का समाधान नहीं होगा, भारत के साथ ट्रेड डील पर कोई बात नहीं होगी।

बता दें कि ट्रंप द्वारा लगाया गया 25 फीसदी टैरिफ 7 अगस्त से लागू हो गया है। अतिरिक्त 25 फीसदी यानी कुल 50 फीसदी टैरिफ अगले 21 दिनों में लागू हो जाएगा। भारत ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका के आर्थिक दबाव के आगे झुकेगा नहीं और देश के हित में हर संभव कदम उठाएगा।


Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More