News Saga Desk
रांची: राजधानी रांची में डॉक्टर्स वाइफ एसोसिएशन की ओर से करमटोली स्थित आईएमए हॉल में आयोजित दो दिवसीय दवा मेले का शुक्रवार को यानी कल भव्य शुभारंभ हुआ, मेले का उद्घाटन गांडेय विधायक सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने किया।
महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता पर जोर
उद्घाटन के अवसर पर कल्पना सोरेन ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलती है, उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आई महिलाएं अपने हुनर और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं, जो सराहनीय है। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर आगे बढ़ने और एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की।
स्टॉल का किया निरीक्षण, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
मेले के दौरान कल्पना सोरेन ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, उन्होंने महिला उद्यमियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
मायके के स्टॉल को देख भावुक हुईं कल्पना
मेला भ्रमण के दौरान अपने मायके, ओडिशा के मयूरभंज जिले के बारीपदा से जुड़े स्टॉल को देखकर कल्पना सोरेन खासा उत्साहित नजर आईं, उन्होंने वहां प्रदर्शित काथा वर्क की कलाकारी की सराहना की और उत्पादों की जानकारी लेते हुए अपने परिवार के लिए खरीदारी भी की।
75 से अधिक स्टॉल, विविध उत्पादों की भरमार
इस मेले में देशभर से 75 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें महिला उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी है। यहां डिजाइनर कपड़े, आभूषण, होम डेकोर, प्राकृतिक पौधे और खाद्य सामग्री सहित कई आकर्षक उत्पाद उपलब्ध हैं, इसके अलावा झारखंड ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान डिजिटल स्टॉल भी लगाए गए हैं।
जरूरतमंदों की सहायता के लिए होगा आय का उपयोग
आयोजकों के अनुसार मेले से प्राप्त आय को जरूरतमंद संस्थाओं और प्रधानमंत्री राहत कोष में दिया जाएगा, शनिवार को यानी आज मेले का समापन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
No Comment! Be the first one.