शादी के दो हफ्ते बाद ससुराल छोड़ लौटी विवाहिता, पढ़ाई और सरकारी नौकरी की रखी शर्त

News Saga Desk

भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जो इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। माता-पिता ने जिस बेटी की शादी बड़े धूमधाम से लाखों रुपये खर्च कर की थी, वह विवाह के महज दो सप्ताह के भीतर ही पति को छोड़कर मायके लौट आई और दोबारा ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, जब पति अपने परिजनों के साथ पत्नी को समझाने और वापस ले जाने उसके मायके पहुंचा, तो विवाहिता ने पति के साथ रहने से मना कर दिया। उसके इस फैसले से दोनों पक्षों के परिजन असमंजस और मानसिक तनाव में हैं। विवाहिता का कहना है कि उसकी शादी उसकी इच्छा के विरुद्ध कराई गई है। वह फिलहाल बीए फाइनल ईयर की छात्रा है और एमए की पढ़ाई पूरी होने तक ससुराल नहीं जाना चाहती।

विवाहिता ने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी इच्छा सरकारी नौकरी वाले युवक से विवाह करने की थी, लेकिन परिवार ने उसकी शादी निजी कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत युवक से कर दी। उसने यहां तक कह दिया कि जब तक उसे सरकारी नौकरी नहीं मिल जाती, वह ससुराल में कदम नहीं रखेगी। उसके इस रुख से दोनों परिवारों के सदस्य हैरान हैं।

पति ने लगाए गंभीर आरोप

वहीं पति का कहना है कि शादी के बाद से ही पत्नी का व्यवहार सामान्य नहीं था। वह ससुराल में किसी से बातचीत नहीं करती थी और अक्सर नाराज रहती थी। अचानक मायके चले जाने से गांव में उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है। पति ने आरोप लगाया कि पत्नी अक्सर धमकी देती थी कि अगर उसे जबरन ससुराल में रखा गया तो वह झूठे मामलों में फंसा देगी।

मामले को सुलझाने के लिए सामाजिक स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। अंततः लड़का पक्ष बिना समाधान के निराश होकर लौट गया।

Read More News

Read More