News Saga Desk
गुमला: जिले के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पालकोट और सिसई क्षेत्र की रहने वाली दो युवतियों को घूमने के बहाने बुलाकर तीन युवकों ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अब भी फरार है।
दोस्ती के नाम पर रची गई साजिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िताओं में से एक युवती की एक आरोपी से जान-पहचान थी। उसी ने उसे गुमला घूमने के बहाने बुलाया। युवती अपनी सहेली के साथ वहां पहुंची, जहां आरोपी अपने एक साथी के साथ मौजूद था। इसके बाद दोनों युवकों ने अपनी-अपनी बाइक से युवतियों को सिसई क्षेत्र की ओर घुमाने ले गए।
बीयर पिलाकर सुनसान जगह ले गए
शाम के समय आरोपियों ने सिसई में बीयर खरीदी और युवतियों को जबरन एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया।
एक युवती भागी, लोकेशन भेजकर दी सूचना
घटना के दौरान एक पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकली। उसने पास के पुआल में छिपकर अपने मोबाइल से लोकेशन साझा कर परिजनों को सूचना दी। वहीं दूसरी युवती आरोपियों के कब्जे में रही। बाद में एक और युवक को बुलाया गया, जिसके बाद तीनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
देर रात थाने पहुंचीं पीड़िताएं
किसी तरह जान बचाकर दोनों युवतियां रविवार देर रात थाना पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक डुमरडीह पंचायत और दूसरा असनी नकटीटोली का निवासी बताया जा रहा है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
No Comment! Be the first one.