News Saga Desk
पूर्वी सिंहभूम जिले के मुख्यालय क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। उपायुक्त कार्यालय से बेहद नजदीक इलाके में बेखौफ चोरों ने आधा दर्जन से अधिक फुटपाथी दुकानों को निशाना बनाकर इलाके में हड़कंप मचा दिया।
यह घटना साकची थाना क्षेत्र के अंतर्गत जुबिली पार्क गेट के पास की बताई जा रही है। शुक्रवार देर रात चोर गैस कटर लेकर मौके पर पहुंचे और एक के बाद एक दुकानों के ताले काटते चले गए। चोरों ने दुकानों से नकदी के साथ-साथ अन्य सामान भी चोरी कर लिया।
शनिवार सुबह जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर सन्न रह गए। कुछ ही देर में आसपास के अन्य दुकानदार और स्थानीय लोग भी वहां जुट गए।
जिन दुकानों में चोरी हुई है, उनमें अभिनाश कुमार की पान दुकान, राजा कुमार की मोमोज दुकान, प्रदीप दास की दूध दुकान, सदन केवट की लिट्टी दुकान, बाबुनंद की चाय दुकान और विष्णु की पान दुकान समेत अन्य फुटपाथी दुकानें शामिल हैं। पीड़ित दुकानदार चोरी गए सामान और नकदी का आकलन कर रहे हैं और नुकसान को लेकर बेहद परेशान नजर आ रहे हैं।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी की यह घटना जिला प्रशासन के केंद्र माने जाने वाले उपायुक्त कार्यालय से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर हुई। इतने संवेदनशील और व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात से रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना मिलते ही साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुकानदारों से पूछताछ कर चोरों की पहचान में जुटी हुई है। घटना के बाद फुटपाथी दुकानदारों में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।
No Comment! Be the first one.