News Saga Desk
झारखंड के आदिम जनजातीय क्षेत्रों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत देते हुए 140 सड़क योजनाओं को मंजूरी दे दी है। ये स्वीकृतियां प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत दी गई हैं। इन योजनाओं के जरिए राज्य में 270 किलोमीटर से अधिक नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग 250 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी। यह प्रस्ताव लंबे समय से केंद्र सरकार के पास लंबित था, जिसे अब केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने हरी झंडी दे दी है।
राज्य सरकार की ओर से आदिम जनजातीय क्षेत्रों के लिए कुल 220 सड़क योजनाओं और 160 पुल योजनाओं का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था। हालांकि, केंद्र सरकार ने इनमें से 80 सड़क योजनाओं को फिलहाल स्वीकृति नहीं दी है, जबकि किसी भी पुल योजना को मंजूरी नहीं मिली है। केंद्र की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर पर लक्ष्य पूरा हो जाने के कारण इस चरण में केवल 140 सड़क योजनाओं को ही स्वीकृति दी जा सकती है। शेष योजनाओं पर अगले चरण में विचार किया जाएगा।
इससे पहले भी प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत झारखंड को 259 सड़क योजनाओं की मंजूरी मिल चुकी है। इन योजनाओं के माध्यम से आदिम जनजातीय इलाकों में करीब 780 किलोमीटर सड़कों का निर्माण होना है। इनमें से अधिकांश योजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कई जगहों पर कार्य शुरू किया जा रहा है। सरकार का कहना है कि इन सड़कों के निर्माण से दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास को गति मिलेगी।
No Comment! Be the first one.