बिहार में बेखौफ अपराधियों ने दो युवकों को मारी ताबड़तोड़ गोली

News Saga Desk

पटना। बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फतुहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात दो युवकों पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। वारदात के बाद अपराधी युवकों की बाइक, मोबाइल, सोने की चेन और ब्रेसलेट भी लूटकर फरार हो गए। शनिवार सुबह जब स्थानीय युवक दौड़ने निकले, तो दोनों पीड़ितों को अलंग के किनारे बेसुध हालत में पाया। उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था और मदद के लिए आवाज लगा रहा था।

मृतक की पहचान हरिओम कुमार (30) के रूप में हुई है, जो धमौल गांव (परसा बाजार, संपतचक) का निवासी था। घायल युवक रवि कुमार (28) नवादा गांव का रहने वाला है। दोनों युवक कॉर्निस बनाने और वीडियो शूटिंग का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने हरिओम को कनपटी पर दो गोलियां मारीं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रवि को सीने के पास गोली लगी है। ग्रामीणों की सूचना पर फतुहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। रवि को प्राथमिक इलाज के बाद एनएमसीएच रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है और प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Read More News

Read More