News Saga Desk
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दिल्ली मेट्रो के फेज-5A विस्तार परियोजना को मंजूरी दे दी गई। इस परियोजना पर कुल 12,015 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके तहत राजधानी में 16 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी।
कैबिनेट बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फेज-5A के अंतर्गत 13 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इस विस्तार के पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 400 किलोमीटर से अधिक हो जाएगी, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में सार्वजनिक परिवहन को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो रेल प्रोजेक्ट फेज-5A का निर्माण कार्य तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण का अधिकांश हिस्सा अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीनों के जरिए भूमिगत किया जाएगा, ताकि निर्माण के दौरान ट्रैफिक पर न्यूनतम असर पड़े।
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
No Comment! Be the first one.