News Saga Desk
नई दिल्ली में भारतीय रेल के विद्युतीकरण के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। 9 जनवरी 2026 को द्वारका स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (यशोभूमि) में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ₹100 का रंगीन स्मारक सिक्का और एक विशेष डाक टिकट जारी किया।
इस मौके पर मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चयनित रेलकर्मियों को 70वां अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार भी प्रदान कर उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल का विद्युतीकरण देश के परिवहन इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसने ऊर्जा दक्षता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक रेल सेवाओं को नई दिशा दी है।
प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत (बीकानेर) के अनुसार यह स्मारक सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में निर्मित किया गया है। सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम है, जिसमें 50 प्रतिशत चांदी का उपयोग किया गया है। इस स्मारक सिक्के की बुकिंग जल्द ही भारत सरकार टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू की जाएगी।
समारोह में रेलवे एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, रेलवे एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार सहित रेलवे बोर्ड के सदस्य, विभिन्न रेलवे ज़ोन और उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधक भी उपस्थित रहे। यह आयोजन भारतीय रेल की ऐतिहासिक यात्रा और उपलब्धियों का प्रतीक माना जा रहा है।
No Comment! Be the first one.