साहिबगंज में घर में घुसकर अज्ञात अपराधियों ने शख्स की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

News Saga Desk

साहिबगंज। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने एक शख्स को घर में घुसकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक का नाम राजकुमार यादव था। अपराधियों ने गोली उसकी दाहिनी आंख के ऊपर मारी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। राजकुमार यादव मजदूरी करके अपनी मां और 14 वर्षीय पुत्र का पालन-पोषण करता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीस कुमार पांडे को सूचना दी। पुलिस बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।

सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि यह हत्या जमीन से संबंधित विवाद के कारण हुई हो सकती है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली भी बरामद की है और आगे की जांच जारी है।

शव को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल लाया गया, जहां एक मेडिकल टीम ने डॉ. मुकेश, डॉ. पिंकू चौधरी और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम किया। मृतक अपने पीछे एक बुजुर्ग मां और 14 वर्षीय पुत्र को छोड़ गया है, जो अब पूरी तरह से बेसहारा हो गया है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।


Read More News

Read More