अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से ऐतिहासिक मुलाकात के लिए वॉशिंगटन पहुंचे सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा

NEWS SAGA DESK

वॉशिंगटन। सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा शनिवार को अमेरिका पहुंच गए हैं, जहां वे सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ऐतिहासिक मुलाकात करेंगे। यह यात्रा सीरिया-अमेरिका संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। समाचार एजेंसी सना के अनुसार, वर्ष 1946 में सीरिया की आजादी के बाद यह पहली बार है जब किसी सीरियाई राष्ट्रपति ने अमेरिका का दौरा किया है। इस यात्रा से पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 7 नवंबर को सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा और उनकी सरकार के कुछ सदस्यों पर लगे प्रतिबंध हटाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

गौरतलब है कि नवंबर 2024 में विपक्षी ताकतों की अगुवाई करते हुए अहमद अल-शरा ने दशकों से शासन कर रही बशर अल-असद सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया था, जिससे देश में वर्षों से चले आ रहे गृहयुद्ध का अंत हुआ। राष्ट्रपति बनने के बाद अल-शरा ने सितंबर में न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित कर वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।

ट्रंप और अल-शरा की यह दूसरी मुलाकात होगी। इससे पहले दोनों नेता मई में सऊदी अरब में मिले थे। उसी बैठक के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने सीरिया पर दशकों से लगे आर्थिक प्रतिबंध हटाने की घोषणा की थी। अमेरिका ने हाल ही में अहमद अल-शरा को वैश्विक आतंकवादी सूची से हटा दिया है और उनके संगठन *हयात तहरीर अल-शाम (HTS)* को भी विदेशी आतंकवादी संगठन (FTO) की सूची से बाहर कर दिया है।

अहमद अल-शरा का अतीत विवादों से भरा रहा है। करीब 20 साल पहले वे अलकायदा संगठन से जुड़े थे और 2005 में इराक में गिरफ्तार हुए थे। उन्होंने 2011 में रिहा होने से पहले लगभग छह साल अमेरिकी और इराकी जेलों में बिताए। बाद में उन्होंने सीरिया में अलकायदा से जुड़े संगठन का नेतृत्व किया, जिसके चलते अमेरिका ने 2013 में उनके सिर पर एक करोड़ डॉलर का इनाम रखा था। हालांकि 2016 में उन्होंने खुद को अलकायदा से अलग कर लिया।

अब, सीरिया में सत्ता परिवर्तन और गृहयुद्ध की समाप्ति के बाद, अल-शरा की यह अमेरिका यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को बहाल करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।

Read More News

झारखंड में शिक्षा विभाग के फर्जी वादों का खुलासा, भाजपा प्रवक्ता अजय शाह ने संवाददाताओं को बताया

रांची | राजधानी रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने संवाददाता...

Read More