अमित शाह ने शुरू किया ‘वंदे मातरम 150’ राष्ट्रव्यापी अभियान, हर भारतीय भाषा में होगा प्रचार

NEWS SAGA DESK

पटना। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शुक्रवार को पटना में देश के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ पर एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की। इस अभियान का उद्देश्य देशभर में विभिन्न भारतीय भाषाओं में ‘वंदे मातरम’ के संदेश और भावना को फैलाना है। अमित शाह ने कहा कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में चलाया जाएगा, जिसमें लोग स्थानीय भाषाओं में गीत का अनुवाद कर इसे आम जन तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही एक डिजिटल पहल  वंदेमातरम150 के नाम से सोशल मीडिया पर भी शुरू की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा नेता विनोद तावड़े भी मौजूद रहे। इस अवसर पर अमित शाह ने ‘स्वदेशी संकल्प पत्र’ का संकल्प लिया और लोगों से विदेशी उत्पादों की जगह भारतीय वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “भारत केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक संस्कृति और विचार है, जो हमें एक सूत्र में बांधती है।”

शाह ने जनसंघ और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा को याद करते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा राष्ट्रीय हित और स्वदेशी भावना को सर्वोपरि रखा है। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने ‘स्वदेशी संकल्प पत्र’ पढ़ा और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को स्वदेशी के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रण लिया।

बिहार विधानसभा चुनाव के सिलसिले में अमित शाह शुक्रवार को एनडीए के समर्थन में भी प्रचार कर रहे हैं। वह आज जमुई और भागलपुर में जनसभाएं तथा पूर्णिया में रोड शो करेंगे। पूर्णिया में रोड शो आरएन साह चौक स्थित वीर सिंह स्मारक से शुरू होकर आस्था मंदिर तक जाएगा।

Read More News

Read More