News Saga Desk
झारखंड और बिहार की जानी-मानी कंस्ट्रक्शन कंपनी रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन के चेयरमैन रामकृपाल सिंह का शनिवार (28 दिसंबर) सुबह निधन हो गया। वह पिछले करीब 15 दिनों से अस्वस्थ थे और पटना के पारस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। निधन के समय उनकी उम्र 87 वर्ष थी।
रामकृपाल सिंह मूल रूप से बिहार के बेगुसराय जिले के रामदिरी गांव के निवासी थे। रांची के चेशायर होम रोड में भी उनका आवास था। उनके निधन की खबर फैलते ही झारखंड और बिहार के व्यावसायिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार के अनुसार, रामकृपाल सिंह अपने पीछे दो बेटे सुधीर कुमार और रंजन कुमार, एक बेटी, दो पोते और दो पोतियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर दो बजे बेगुसराय स्थित उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।
रामकृपाल सिंह ने वर्ष 1973 में प्रोप्राइटरशिप के रूप में कंस्ट्रक्शन व्यवसाय की शुरुआत की थी। बाद में वर्ष 2003 में इसे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का रूप दिया। उनकी कंपनी एक प्रमुख ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) कॉन्ट्रैक्टर रही है, जो सड़क, रेलवे, खनन और भवन निर्माण जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स का कार्य करती है।
रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन ने रांची में झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, समाहरणालय भवन, हाई कोर्ट, विधानसभा भवन समेत कई प्रमुख सड़कों का निर्माण किया है। हाल ही में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा जारी देश की शीर्ष 10 कंस्ट्रक्शन कंपनियों की सूची में भी इस कंपनी को स्थान मिला था। इसके साथ ही झारखंड बिल्डर्स एसोसिएशन की ओर से कंपनी को ‘कॉन्ट्रैक्टर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
रामकृपाल सिंह को एक दूरदर्शी उद्यमी और मजबूत बुनियाद रखने वाले बिल्डर के रूप में याद किया जाएगा, जिनका योगदान झारखंड और बिहार के बुनियादी ढांचे के विकास में हमेशा स्मरणीय रहेगा।
No Comment! Be the first one.