सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी’ विषय पर होगा आयोजन
News Saga Desk
नई दिल्ली। रेल मंत्रालय ने सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 (27 अक्टूबर से 2 नवम्बर) का शुभारंभ किया। इस वर्ष का विषय है — “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी”, जो नैतिक आचरण, पारदर्शिता और सुशासन को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है।
कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री सतीश कुमार द्वारा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाने से हुई। इस अवसर पर मंत्रालय के विभिन्न निदेशालयों के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। अपने संबोधन में श्री कुमार ने कहा कि ईमानदारी, कार्यकुशलता और लोकसेवा की भावना भारतीय रेल की बुनियाद है। उन्होंने सभी अधिकारियों से पारदर्शिता को सुदृढ़ कर भ्रष्टाचार की संभावनाओं को समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय रेल ने हाल के वर्षों में कई डिजिटल एवं प्रणालीगत सुधार किए हैं, जिनसे कार्य संस्कृति में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिला है। रेलवे बोर्ड के सतर्कता निदेशालय द्वारा सप्ताहभर चलने वाली विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई है। इनमें सेमिनार, कार्यशालाएं, पोस्टर अभियान और संवाद सत्र शामिल हैं, जिनका उद्देश्य निवारक सतर्कता और नैतिक प्रशासन को प्रोत्साहित करना है। केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह सप्ताह देशभर के सरकारी संस्थानों में मनाया जा रहा है। रेल मंत्रालय का यह आयोजन लोक प्रशासन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
No Comment! Be the first one.