विनय चौबे की मुश्किलें बढ़ीं, खासमहल जमीन घोटाले में बने आरोपी

News Saga Desk

रांची। शराब घोटाले में पहले से ही जेल में बंद निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे की परेशानियाँ और बढ़ गई हैं। अब उन्हें हजारीबाग के खासमहल जमीन घोटाले में भी आरोपी बनाया गया है। इस मामले में बुधवार को उनकी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हजारीबाग स्थित एसीबी की विशेष अदालत में पेशी हुई। यह मामला एसीबी थाना प्रभारी सौरभ लकड़ा की शिकायत पर दर्ज किया गया है। इससे पहले ACB इस मामले में तत्कालीन खासमहल पदाधिकारी विनोद चंद्र झा, बसंती सेठी, उमा सेठी, इंद्रजीत सेठी, राजेश सेठी, विजय प्रताप सिंह और सुजीत कुमार सिंह को भी आरोपी बना चुकी है। 

एसीबी की प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच के अनुसार, हजारीबाग की लगभग 2.75 एकड़ खासमहल भूमि, जिसे वर्ष 1948 में एक ट्रस्ट को 30 वर्षों के लिए लीज पर दिया गया था, उस लीज को 1978 में बढ़ाकर 2008 तक के लिए नवीनीकृत किया गया था। लेकिन वर्ष 2008 से 2010 के बीच, एक साजिश के तहत इस जमीन को सरकारी बताकर 23 निजी व्यक्तियों को अवैध रूप से आवंटित कर दिया गया। एसीबी ने इस गड़बड़ी को गंभीर अनियमितता मानते हुए विस्तृत जांच शुरू की, जिसमें अब विनय चौबे को भी आरोपी बनाया गया है।


Read More News

Read More