News Saga Desk
झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था और गर्म कपड़ों से दूरी बन रही थी। हालांकि, मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में हल्की बारिश के साथ एक बार फिर ठंड लौट सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि 3 और 4 फरवरी को राज्य के कई जिलों में हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी।
तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज किए जाने की संभावना है।
हाल के दिनों में तापमान बढ़ने के कारण राज्य के करीब 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था, जिससे लोगों को हल्की गर्मी महसूस होने लगी थी।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक,
3 फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और आसपास के मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा छाने और बाद में आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना है।
4 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्सों के साथ सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह हल्का कोहरा और दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा। कुछ इलाकों में सुबह हल्का कोहरा देखा गया। इस दौरान राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया।
सेहत को लेकर बरतें सावधानी
मौसम में हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ सकता है। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम के अनुसार कपड़े पहनना जरूरी है और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखें और आवश्यक सावधानियां अपनाएं।
No Comment! Be the first one.