घने कोहरे में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 7 बसें और 3 कारें टकराईं; 4 की मौत, दर्जनों घायल

NEWS SAGA DESK

मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे के कारण सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास 7 बसें और 3 कारें आपस में भिड़ गईं। टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 4 लोगों की जलकर मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ बसों में मानव अंग फंसे हुए दिखाई दिए। एक युवक ने दावा किया कि उसने अकेले 8 से 9 शव बसों से बाहर निकाले। प्रशासन के अनुसार हादसे में 66 लोग घायल हुए हैं, वहीं एक चश्मदीद ने करीब 20 एम्बुलेंस के जरिए 150 से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने की बात कही है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि घने कोहरे के कारण एक बस ने अचानक गति कम कर दी, जिससे पीछे से आ रहे वाहन एक के बाद एक टकराते चले गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए बसों के शीशे तोड़कर बाहर छलांग लगा दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। दुर्घटना के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया।

एम्बुलेंस कर्मचारी अमित कुमार ने बताया कि हताहतों की सटीक संख्या का आकलन किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Read More News

Read More