हटिया रेलवे स्टेशन से 14 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

News Saga Desk

रांची। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हटिया रेलवे स्टेशन से एक युवक को 14 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आरपीएफ हटिया पोस्ट की टीम द्वारा विशेष निगरानी अभियान के तहत की गई।

आरपीएफ इंस्पेक्टर समीर कर्माकर ने बताया कि टीम ने हटिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर ट्रॉली बैग और काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ घूम रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप कुमार उर्फ चित्रंजन कुमार (18) के रूप में हुई, जो बिहार के कैमूर जिले का निवासी है।

सात पैकेटों में मिला 14 किलो गांजा

तलाशी के दौरान युवक के पास से कुल सात पैकेटों में 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। आरपीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।

इंस्पेक्टर ने बताया कि कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार आरपीएफ पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहा है। रेलवे परिसर में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

आगे की जांच जारी

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाने की योजना थी।

रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई को तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Read More News

Read More