News Saga Desk
बरेली | उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में जिला सहकारी गन्ना समिति की वार्षिक बैठक शनिवार को कचहरी स्थित प्रांगण में कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विवाद हो गया। आरोप है कि न तो सभी डेलीगेटों को विधिवत एजेंडा भेजा गया और न ही जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया। इससे नाराज डायरेक्टर और डेलीगेटों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।
चेयरमैन अर्जुन सिंह पटेल ने कहा कि किसान सबसे अधिक समस्याएं जनप्रतिनिधियों के पास लेकर जाते हैं। यदि उन्हें बैठक में बुलाया जाता तो किसानों के मुद्दे मजबूती से उठाए जाते। मगर जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति से किसानों की आवाज दब गई। इसी वजह से बोर्ड के सभी डायरेक्टर और डेलीगेटों ने बैठक का विरोध किया।
डायरेक्टर रघुवीर सिंह गंगवार ने कहा कि डेलीगेटों को भी समय पर सूचना नहीं दी गई, जिससे उनमें गहरी नाराजगी है। बैठक का एजेंडा तक साझा न होना समिति की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
इस दौरान उपाध्यक्ष विनोद कन्नौजिया, डायरेक्टर सत्येन्द्र सिंह पटेल, डॉ. रविन्द्र यादव, सुमनलता, ओमवती, लालकरन पटेल, सतीश चन्द्र मिश्रा, हरवेन्द्र सिंह, अरुण कुमार सिंह और मेवाराम सहित कई डेलीगेट मौजूद रहे। सभी ने बैठक का बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराया।
No Comment! Be the first one.