चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

News Saga Desk

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकुंडिया गांव के तुरामडीह टोला का है, जहां देर रात एक जंगली हाथी ने हमला कर महिला पुजारी चांदो देवी (56) की जान ले ली। इस हमले में एक अन्य पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया।

झोपड़ी में सो रही थीं पुजारी, अचानक हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, तांतनगर प्रखंड के कुम्बराम गांव निवासी चांदो देवी पूजा-पाठ का कार्य करती थीं। सोमवार रात वह बरकुंडिया गांव स्थित मंदिरनुमा झोपड़ी में भोजन करने के बाद सो रही थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से आए एक जंगली हाथी ने अचानक झोपड़ी पर हमला कर दिया और चांदो देवी को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे उनकी गंभीर चोट लग गई।

साथी पुजारी ने भागकर बचाई जान

घटना के समय मौजूद दूसरे पुजारी लखन कुदादा पर भी हाथी ने हमला किया। हालांकि, वह किसी तरह भागकर झाड़ियों में छिप गए और अपनी जान बचा ली। घटना के बाद ग्रामीणों ने टॉर्च और मशाल के सहारे हाथी को खदेड़ने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हो सकी।

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन रास्ते में ही चांदो देवी की मौत हो गई। वहीं, घायल लखन कुदादा का इलाज आईसीयू में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वन विभाग की टीम ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा

मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया। विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है।

तीन महीने में 25 लोगों की जा चुकी है जान

पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बीते तीन महीनों में हाथियों के हमले में 25 लोगों की मौत हो चुकी है। जंगलों के सिमटने और हाथियों की बढ़ती संख्या के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ता जा रहा है।

गांवों में दहशत का माहौल

घटना के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है। लोग रात में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और कई गांवों में लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More