पीएलएफआइ के चार नक्सली हथियार के साथ गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

खूंटी। सदर थाना की पुलिस ने ग्राम बिरहू उरांव टोली स्थित सरकारी स्कूल के पास एक मकान में छापेमारी कर प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआइ के चार नक्सलियों को अवैध हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में खूंटी के मान्हू गांव निवासी पवन लोहरा (22), जमुआदाग कॉलोनी निवासी विक्की लोहरा (19 ) एवं अर्जुन लोहरा उर्फ ईश्वर उर्फ पेंचा (18 ) और बिरहू उरांव टोली निवासी अर्पित केरकेट्टा (19 ) शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने मौके पर एक लोडेड देशी पिस्टल (मैगजीन सहित), आठ जिंदा कारतूस, दो लोडेड मैगजीन, एक चाकू, एक मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद किये है। यह जानकारी एसपी मनीष टोप्पो ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

एसपी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बिरहू उरांव टोली स्थित सरकारी स्कूल के पास कुछ लोग अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए खूंटी थाना प्रभारी मोहन कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया।

छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल के समीप एक मकान में छापामारी कर वहां से उक्त चारों आरोपितों को हथियार, गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे सिग्नल ऐप इंस्टॉल किए हुए मोबाइल से पीएलएफआइ के सक्रिय सदस्यों से बातचीत करते हैं और उनके निर्देश पर लेवी वासूलने और संगठन के नाम पर दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी की घटना को अंजाम देते हैं।

गिरफ्तार विक्की और पवन का है आपराधिक इतिहास

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार विक्की लोहरा और पवन लोहरा का अपराधिक इतिहास रहा है।

विक्की लोहरा के विरुद्ध खूंटी थाना में दो वर्ष पूर्व वर्ष 2023 में लूट का एक मामला कांड संख्या 12/23 दर्ज है। वहीं पवन लोहरा के विरुद्ध छत्तीसगढ़ के बगीचा थाना में संगीन धाराओं में एक मामला कांड संख्या 16/25 दर्ज है। इसके अलावा उक्त दोनों आरोपितों ने रांची के नामकुम (खरसीदाग) थानांतर्गत रांची खूंटी रोड में स्थित मेसर्स हिंदुस्तान टाइल्स नामक प्रतिष्ठान के बाहर गत 12 जून को रंगदारी के उद्देश्य से धमकी भरा पत्र फेंका था। साथ ही गोली चलाने की घटना में दर्ज नामकुम (खरसीदाग) थाना कांड संख्या 183/25 और तुपुदाना थानांतर्गत जमीन कारोबारी मंटू महतो के घर में रंगदारी के उद्देश्य से फायरिंग करने के मामले में धुर्वा (तुपुदाना) थाना में दर्ज कांड संख्या 159/25 में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

इसके साथ ही विक्की लोहरा ने रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी से गत मार्च महीने में एक टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल चोरी के मामले में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

छापामारी टीम में खूंटी थाना प्रभारी के अलावा खूंटी थाना के एसआई सीताराम दांगी, मंटू कुमार, अरुण कुमार, मणिदीप एवं चंदन कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Read More News

मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में योगासन कार्यक्रम आयोजित, योग को बताया भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धुर्वा स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र, शालीमार में योगाभ्यास...

Read More