झारखंड पर्यटन निगम में 10.40 करोड़ का घोटाला, ईडी की बड़ी कार्रवाई

News Saga Desk

रांची: झारखंड पर्यटन विकास निगम (जेटीडीसी) में करोड़ों रुपये की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। करीब 10 करोड़ 40 लाख रुपये की अनियमितता को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वर्ष 2026 का पहला मामला दर्ज किया है। इस घोटाले में निगम और बैंक अधिकारियों के साथ-साथ बाहरी नेटवर्क की भी भूमिका सामने आ रही है।

इन अधिकारियों पर दर्ज हुआ केस

ईडी ने अपने केस (ECIR संख्या 1/2026) में जेटीडीसी के तत्कालीन लेखापाल सह कैशियर गिरजा प्रसाद सिंह और केनरा बैंक हटिया शाखा के तत्कालीन प्रबंधक अमरजीत कुमार तथा आलोक कुमार को आरोपी बनाया है।

फर्जी हस्ताक्षर से खोला गया खाता

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि 21 जून 2023 को जेटीडीसी के तत्कालीन प्रबंध निदेशक के फर्जी हस्ताक्षर के आधार पर केनरा बैंक की हटिया शाखा में निगम के नाम पर खाता खोला गया। इसके बाद 13 अक्टूबर 2023 को इस खाते में 10 करोड़ 40 लाख 7,496 रुपये ट्रांसफर किए गए।

संदिग्ध खातों में भेजी गई रकम

ईडी की जांच में सामने आया है कि इस राशि को सुनियोजित तरीके से कई संदिग्ध बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया। इनमें रांची और पतरातू के निजी खातों के साथ-साथ अन्य व्यक्तियों के नाम पर खोले गए खातों में भी पैसे भेजे गए, जहां से बाद में निकासी कर ली गई।

बंगाल कनेक्शन की भी पड़ताल

जांच के दौरान इस घोटाले में पश्चिम बंगाल के कुछ कारोबारियों की संभावित संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है। ईडी अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि रकम किन-किन लोगों तक पहुंची और पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा था।

26 मार्च को कोर्ट में पेश होगी रिपोर्ट

मामले की अगली सुनवाई 26 मार्च को रांची स्थित ईडी की विशेष अदालत में होगी, जहां जांच एजेंसी अपनी प्रगति रिपोर्ट पेश करेगी। साथ ही धन के ट्रांसफर और उसके अंतिम गंतव्य का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।

पहले CID और ATS ने की थी जांच

इस मामले की शुरुआत धुर्वा थाना में दर्ज एफआईआर से हुई थी। बाद में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर केस को CID ने अपने हाथ में लिया। एटीएस के एसपी ऋषभ कुमार झा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया गया था। विभागीय जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद अब ईडी की एंट्री से जांच और तेज हो गई है।

Read More News

Read More