News Saga Desk
महाराष्ट्र के नागपुर जिले के राउलगांव क्षेत्र में स्थित SBL एनर्जी लिमिटेड की विस्फोटक फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में 17 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।
घटना स्थल पर NDRF और SDRF की टीमें पहुंचकर बचाव अभियान में जुट गई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत नागपुर के अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि NDRF और SDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि इस दुखद हादसे में 17 लोगों की जान चली गई है, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि घायलों को तत्काल नागपुर स्थानांतरित कर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दे दिए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त संबंधित कंपनी भी पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद देगी।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
No Comment! Be the first one.