नशे में धुत थार चालक का तांडव: गोला रोड टी-प्वाइंट पर 7 को रौंदा, चार की हालत गंभीर, भीड़ ने गाड़ी जलाई

News Saga Desk

दानापुर के गोला रोड टी-प्वाइंट पर बुधवार रात तेज रफ्तार और नशे में बेकाबू थार ने कुछ ही मिनटों में सड़क को रणक्षेत्र में बदल दिया। रात करीब 9:15 बजे राम जानकी मंदिर की ओर से आ रही थार ने पहले एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी, फिर भागने के दौरान बुलेट, स्कूटी और दो साइकिल सवारों को कुचलती चली गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक साइकिल थार में फंस गई, जिसे वाहन काफी दूर तक घसीटता ले गया।

इस हादसे में कुल सात लोग घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान तकिया पर निवासी रितिक (32), कोमल कुमारी (30), पंचशील नगर निवासी शेखर कुमार (35) और झाखड़ी महादेव निवासी माधव कुमार सिंह (55) के रूप में हुई है। सभी को पहले अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, माधव कुमार सिंह राजा बाजार स्थित पारस अस्पताल में गार्ड हैं और ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे।

हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि थार चालक शराब के नशे में था। गुस्साए लोगों ने वाहन को घेर लिया और चालक की पिटाई भी की, लेकिन अफरातफरी के बीच वह मौके से फरार हो गया। चालक के भाग निकलने से नाराज भीड़ ने थार में आग लगा दी, जिससे वाहन देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगा और इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पी.के. भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने जली हुई थार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

Read More News

होर्मुज क्षेत्र में फंसे जहाज “अवाना” के कैप्टन राकेश के निधन पर परिवार से मिले रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच स्टेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में फंसे जहाज “अवाना” के कैप्टन और...

मुख्यमंत्री ने सरहुल पर सिरमटोली सरना स्थल में की पूजा, राज्यवासियों की खुशहाली की कामना

प्रकृति पर्व सरहुल के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची के सिरमटोली स्थित...

Read More