जिले के 7 विधानसभा में मतदान की तैयारी पूरी, 82 प्रत्याशी मैदान में

News Saga Desk

भागलपुर | जिले के 7 विधानसभा सीट पर दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को मतदान होना है। चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी बूथों पर मतदान कर्मी और सुरक्षा कर्मी पहुंच चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि सात विधानसभा सीटों पर इस बार 82 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इस बार का चुनाव भी जाति और विकास के इर्द-गिर्द घूमता दिख रहा है। हालांकि मतदाताओं का रुझान ही तय करेगा कि बाजी कौन मारेगा।

इस बार भागलपुर जिले में 82 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कुल 22,30,208 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें पुरुष मतदाता 11,49,215, महिला मतदाता, 10,80,912, थर्ड जेंडर मतदाता 81 हैं। भागलपुर विधानसभा में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के अजीत शर्मा और भाजपा के रोहित पांडेय के बीच है।

दोनों ही प्रत्याशी अपनी जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। 2020 में भी यही मुकाबला हुआ था, जिसमें अजीत शर्मा ने 1130 मतों से जीत दर्ज की थी। इस बार जन सुराज के अभय कांत झा तीसरे कोण के रूप में मैदान में हैं। बसपा की रेखा दास समेत कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं।

पीरपैंती विधानसभा में इस बार भी भाजपा और राजद के बीच सीधी टक्कर है। भाजपा ने मौजूदा विधायक ललन कुमार का टिकट काटकर मुरारी पासवान पर भरोसा जताया है।‌ वहीं राजद ने एक बार फिर रामविलास पासवान को मैदान में उतारा है। 2020 में भाजपा ने राजद को मात दी थी। जन सुराज के घनश्याम दास पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और मुकाबले को रोचक बना रहे हैं। यहां कुल दस प्रत्याशी मैदान में हैं। नाथनगर विधानसभा में इस बार राजद ने पूर्व प्रशासनिक अधिकारी जेड हसन को मैदान में उतारा है, जबकि एलजेपी (रामविलास) ने जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन कुमार पर दांव लगाया है। बसपा के रविश चंद्र रवि कुशवाहा भी मैदान में हैं। यहां कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। सुल्तानगंज विधानसभा में जदयू, कांग्रेस और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। जदयू ने मौजूदा विधायक ललित नारायण मंडल पर फिर भरोसा जताया है, वहीं कांग्रेस ने पुराने उम्मीदवार ललन कुमार को दोबारा मैदान में उतारा है। राजद ने वर्षों बाद चंदन कुमार को प्रत्याशी बनाया है। जन सुराज से राकेश कुमार भी चुनावी दौड़ में हैं। यहां कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। बिहपुर विधानसभा में इस बार मुख्य मुकाबला भाजपा और वीआईपी के बीच है। भाजपा ने एक बार फिर कुमार शैलेंद्र को प्रत्याशी बनाया है, जिन्होंने 2020 में राजद के शैलेश कुमार को हराया था। इस बार शैलेश कुमार जदयू में हैं और भाजपा के समर्थन में सक्रिय हैं। वीआईपी ने अर्पणा कुमारी को मैदान में उतारा है, जिन्हें महागठबंधन का समर्थन मिला है। राजद ने इस बार उम्मीदवार नहीं दिया है। जन सुराज से पवन चौधरी भी चुनाव में हैं। यहां से कुल दस प्रत्याशी मैदान में हैं। गोपालपुर विधानसभा में इस बार मुकाबला दिलचस्प है। यहां जदयू, वीआईपी और जदयू से बागी हुए गोपाल मंडल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। राजद ने पूर्व सांसद और पूर्व विधायक शैलेश कुमार को प्रत्याशी बनाया है, जबकि वीआईपी से प्रेम सागर मैदान में हैं। यहां कुल दस प्रत्याशी मैदान में हैं।

Read More News

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के 262 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के...

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल उत्सव का आयोजन, क्रॉस कंट्री रेस में मांगु ईचागुटू और प्रतिका महतो बने चैंपियन

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ तथा झारखंड सरकार के पर्यटन,...

मुहर्रम की सातवीं पर मेदनीनगर में निकला भव्य जुलूस, ‘या हसन-या हुसैन’ के नारों से गूंजा शहर

मुहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर मेदनीनगर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक भव्य जुलूस निकाला...

Read More