हजारीबाग में दर्दनाक हादसा: छत गिरने से दंपती की मौत, पांच बच्चों से छिना माता-पिता का सहारा

News Saga Desk

हजारीबाग। हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र के रसोईया धमना बाराटोला गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। रविवार की देर रात को एक जर्जर मकान की छत गिरने से हबीब अंसारी और उनकी पत्नी जुमेरा खातून की मौत हो गई। दोनों की उम्र लगभग 50 वर्ष थी। मलबे में दबे दंपती को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। उन्हें तुरंत बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं जुमेरा खातून

मृतक जुमेरा खातून वार्ड संख्या 9 की जनप्रतिनिधि थीं। वे गांव के सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं। दंपती अपने पीछे चार पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए।

परिजनों को चार लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी: सीओ

इधर, बरही के अंचलाधिकारी अमित किस्कू ने बताया कि यह प्राकृतिक आपदा का मामला है। सरकारी प्रावधानों के तहत मृतक के परिजनों को चार लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।

मृतकों के घर पर जुटी लोगों की भीड़।

मृतकों के घर पर जुटी लोगों की भीड़।

मकान काफी पुराना और जर्जर स्थिति में था

ग्रामीणों के अनुसार, मकान काफी पुराना और जर्जर स्थिति में था। यह घटना गांवों में जर्जर मकानों की समय पर मरम्मत की आवश्यकता को रेखांकित करती है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।


Read More News

Read More