एकड़ा में अचानक बना गोफ, जहरीली गैस से 20 हजार लोगों पर खतरा

NEWS SAGA DESK

लोयाबाद के एकड़ा झारखंड मोड़ के पास तेज आवाज के साथ अचानक गोफ बन गया और गैस रिसाव शुरू हो गया। बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। जानिए पूरी घटना।

धनबाद जिले के लोयाबाद स्थित बीसीसीएल (BCCL) सिजुआ क्षेत्र की बासुदेवपुर कोलियरी अंतर्गत एकड़ा झारखंड मोड़ के समीप शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक तेज आवाज के साथ एक विशाल गोफ (भू-धंसान) बन गया। गोफ बनते ही उससे लगातार जहरीली और विषैली गैस का भारी मात्रा में रिसाव होने लगा, जिससे आसपास रहने वाली लगभग 20 हजार की आबादी पर गंभीर स्वास्थ्य और सुरक्षा का खतरा मंडराने लगा है।

लोयाबाद स्थित बीसीसीएल

अचानक हुए भू-धंसान और उससे हो रहे तीव्र गैस रिसाव की खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते मौके पर स्थानीय ग्रामीणों व खदान श्रमिकों की भारी भीड़ जमा हो गई। गैस के लगातार हो रहे रिसाव से आसपास के घरों में रहने वाले लोग अनहोनी की आशंका से दहशत में हैं।

प्रबंधन ने दिया जल्द भराई कराने का आश्वासन

घटना की गंभीरता को देखते हुए एटक (AITUC) के बासुदेवपुर कोलियरी सचिव दिनेश रवानी ने तत्काल इसकी सूचना बीसीसीएल प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही परियोजना पदाधिकारी (PO) नारायण प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से गोफ की घेराबंदी कर जल्द से जल्द इसकी बालू और मलबे से डोजरिंग व भराई करा दी जाएगी।

बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

एटक सचिव दिनेश रवानी ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर बीसीसीएल प्रबंधन की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा पूर्व में यहां 7 नंबर इंकलाइन चलाकर बड़े पैमाने पर कोयले का उत्खनन तो कर लिया गया, लेकिन खनन के नियम के अनुसार खदान के भीतर सही तरीके से बालू की भराई (Stowing) नहीं कराई गई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज सतह की जमीन धंस रही है और जहरीली गैस का रिसाव हो रहा है।

Read More News

Read More