News Saga Desk
पटना। पटना एम्स में लगातार बारिश के बीच चौथे दिन भी जूनियर और रेजिडेंट डॉक्टर्स का हड़ताल जारी है। जूनियर डॉक्टर्स ने आज से आईपीडी और ओपीडी सेवाओं को पूरी तरह से बाधित कर दी है।
इसके कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टर्स ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर वी वॉन्ट जस्टिस और वापस लो वापस लो आवेदन वापस लो के नारे लगाए। उन्होंने सुरक्षा नहीं तो सेवा नहीं और विधायक तुम माफी मांगो जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की।

बारिश में छाता लेकर प्रदर्शन करते डॉक्टर्स।
प्रदर्शनकारी डॉक्टर्स ने अपने बैनर पर डॉक्टर्स है सभी का सेवक, वीआईपी का गुलाम नहीं जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। आज से पटना पीएमसीएच और आईजीआईएमएस के डॉक्टर भी इस हड़ताल का समर्थन करते हुए सोमवार को हाथ में काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे।
मरीजों से डॉक्टर्स मांग रहे थे समर्थन
हड़ताल के दौरान डॉक्टर्स ओपीडी के पास खड़े होकर मरीजों को संबोधित करते हुए अपने लिए समर्थन की मांग कर रहे थे। हड़ताली डॉक्टर्स ने कहा कि उनकी मुख्य मांग एफआईआर वापस लेने और सुरक्षा मुहैया कराने की है।
डॉक्टर्स ने कहा,’आज से हम सभी सेवाएं बंद कर रहे हैं। हमारी मांगें पूरी नहीं होने पर हमें यह कदम उठाना पड़ा है। हमें कहीं से न्याय का कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है’।
डॉक्टर्स बोले- हम पर प्रेशर डाला जा रहा है
उन्होंने आगे कहा, ‘हम चाहते हैं कि सिस्टम सुचारू रूप से चले, लेकिन सारा बोझ हम पर डाला जा रहा है। कोई भी जनप्रतिनिधि हमसे बात क्यों नहीं कर रहा है? जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, हम अपने काम पर नहीं लौटेंगे’।
क्या है पूरा मामला
दरअसल 30 जलाई की रात साढ़े 11 बजे विधायक चेतन आनंद अपनी पत्नी के साथ किसी परिचित को देखने पटना एम्स गए। विधायक का आरोप है कि हॉस्पिटल में उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट हुई। बंधक बनाकर रखा। जबकि एम्स गार्ड का आरोप है कि विधायक के बॉडीगार्ड हथियार लेकर जा रहे थे, जिन्हें रोकने पर विवाद हुआ। AIIMS के रेसिडेंट डॉक्टर्स का कहना है कि ‘हमें जान से मारने की धमकी दी गई। गार्ड के साथ मारपीट की गई।’
AIIMS के गार्ड सोनू का कहना है, ‘विधायक के बॉडीगार्ड को हथियार के साथ जाने के लिए रोका गया। इसी बात पर चेतन आनंद और उनके बॉडीगार्ड गुस्सा गए और मारपीट करने लगे।’ गार्ड की हाथापाई हुई थी। जूनियर डॉक्टरों ने बीच-बचाव किया था। दोनों ओर से थाने में एक-दूसरे के खिलाफ केस भी दर्ज कराया गया है।
कौन हैं चेतन आनंद
चेतन आनंद बाहुबली और पूर्व सांसद आनंद मोहन और लवली आनंद के बेटे हैं। लवली आनंद फिलहाल शिवहर से सांसद हैं। चेतन आनंद 2020 में राजद की टिकट पर शिवहर से विधानसभा का चुनाव लड़ा था और जीत भी गए थे, लेकिन 2024 में नीतीश ने महागठबंधन का साथ छोड़ा तो चेतन ने भी राजद का साथ छोड़ दिया था और फ्लोर टेस्ट के दिन चेतन आनंद NDA खेमे में जाकर बैठ गए थे।
No Comment! Be the first one.