News Saga Desk
पटना। VIP पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए है। उन्होंने कहा है कि अगर देश में वोट की चोरी ही होनी है तो फिर चुनाव कराना बंद कर देना चाहिए, क्योंकि इस प्रक्रिया में जनता का पैसा खर्च होता है, जो किसी नेता का नहीं। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात देश के लोकतंत्र के लिए खतरनाक होते जा रहे हैं।
BJP के दबाव में काम कर रहा आयोग
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक में भाग लेने के बाद पटना लौटे सहनी ने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में वोट चोरी को लेकर बड़ा खुलासा किया है, लेकिन चुनाव आयोग इस पर कोई ठोस जवाब नहीं दे रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग BJP के दबाव में काम कर रहा है।
सहनी ने बताया कि बिहार में भी इस मुद्दे पर एक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि वह 17 अगस्त से राहुल गांधी के साथ ‘वोट अधिकार यात्रा’ पर निकलेंगे, जो कई राज्यों से होकर गुजरेगी और 1 सितंबर को पटना में समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य जनता को उनके वोट के अधिकार के प्रति सजग करना है।

राहुल गांधी ने हाल ही में वोट चोरी को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
अमित शाह के दौरे पर भी साधा निशाना
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के सीतामढ़ी आगमन और मां सीता मंदिर के शिलान्यास पर प्रतिक्रिया देते हुए सहनी ने कहा कि बिहार मोक्ष की भूमि है, उनका आना स्वागत योग्य है। उन्होंने सवाल उठाया कि महाराष्ट्र में सीतामढ़ी की बेटी के साथ जो हुआ, उस पर गृहमंत्री क्यों नहीं बोले ? युवती को मराठी भाषा न बोलने के कारण प्रताड़ित किया गया था, और उस समय अमित शाह की चुप्पी भी जवाबदेही मांगती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के मौसम में नेता आते-जाते रहेंगे, लेकिन जनता सब देख रही है और सही समय पर जवाब देगी।
No Comment! Be the first one.