News Saga Desk
रांची। अरगोड़ा में काव होटल के पास रविवार शाम भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार एसयूवी (जेएच01एफएफ-4545) ने कार और बाइक को टक्कर मारने के बाद पैदल जा रही दो महिलाओं और एक बच्ची को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दो लोग घायल हैं, जिनकी हालत गंभीर है। पुलिस ने एसयूवी चालक सोना-चांदी व्यवसायी आदर्श राज उर्फ मोहित राज को गिरफ्तार कर लिया है। वह अपर बाजार के महावीर चौक का रहने वाला है। हादसे के वक्त वह नशे में था। उसके खून में अल्कोहल की मात्रा 130 मिली।

आरोपी आदर्श
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हरमू हाउसिंग कॉलोनी की किरण देवी (56) आनंद नगर की रीतिका मंडल (33) और उसकी भतीजी पूर्वी (8) के साथ खाना खाने काव होटल गई थीं। शाम छह बजे तीनों जैसे ही होटल से निकलकर सड़क पर आईं, तभी अनियंत्रित एसयूवी ने तीनों को कुचल दिया।
लोगों ने एसयूवी चालक को जमकर पीटा, पुलिस ने बचाया
हादसे के बाद लोगों ने चालक को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। पुलिस ने उसे भीड़ से बचाया। लोगों ने गाड़ी को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। उसमें आग भी लगा दी। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। गाड़ी को जब्त कर अरगोड़ा थाना ले गई। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शी बोले-गाड़ी में थे पांच लोग, हादसे के बाद चार फरार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अरगोड़ा से हरमू की ओर जा रही गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। लग रहा था कि सभी नशे में थे। एसयूवी ने पहले कार और बाइक को टक्कर मारी। फिर तीनों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद एसयूवी डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद कार में सवार चार लोग भाग निकले, लेकिन आदर्श पकड़ा गया। पकड़े जाने के बाद आदर्श ने कहा कि वह कार नहीं चला रहा था। वह उसमें बैठा हुआ था।
एंबुलेंस देर से पहुंचने का लोगों ने लगाया आरोप: स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद एंबुलेंस देर से पहुंची। अगर समय पर एंबुलेंस पहुंच गई होती तो मरने वाली एक बच्ची को बचाया जा सकता था। क्योंकि घटना के बाद वह जीवित थी। उसकी सांसें चल रही थीं।
पकड़े जाने के बाद थाने में भी आने लगी थी पैरवी… जैसे ही आदर्श को पुलिस पकड़ कर थाने लाई, उसे छुड़ाने के लिए थाने में ही कई लोगो की पैरवी आने लगी। कई राजनीतिक पार्टी के लोग थाने में फोन करने लगे। थाने में भी आदर्श राजनीतिक धौंस दिखा रहा था। हालांकि पुलिस ने किसी की पैरवी नहीं सुनी।
No Comment! Be the first one.