बिहार चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची, राहुल-प्रियंका से लेकर पप्पू यादव तक शामिल

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया पूरी होते ही कांग्रेस ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के बड़े नेताओं को शामिल किया है, जो आगामी दिनों में पूरे बिहार में प्रचार की कमान संभालेंगे।

कांग्रेस की ओर से जारी सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा केसी वेणुगोपाल और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

पार्टी ने अपने वरिष्ठ और पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी सूची में जगह दी है — जिनमें अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, दिग्विजय सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी और सचिन पायलट शामिल हैं।

इसके साथ ही अधीर रंजन चौधरी, मीरा कुमार, रणदीप सुरजेवाला, कृष्ण अल्लावरु, गौरव गोगोई, अखिलेश प्रसाद सिंह, अलका लंबा, कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा, इमरान प्रतापगढ़ी, शकील अहमद, जीतू पटवारी, सुखदेव भगत, राजेश कुमार राम, शकील अहमद खान, मदन मोहन झा, अजय राय और जिग्नेश मेवानी के नाम भी शामिल हैं।

दिलचस्प बात यह है कि इस बार सूची में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और उनकी पत्नी रंजीत रंजन को भी जगह दी गई है। इसके अलावा अनिल जयहिंद, राजेंद्र पाल गौतम, फुरकान अंसारी, उदय भानु चिब और सुबोध कांत सहाय भी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किए गए हैं।

कांग्रेस का कहना है कि यह टीम बिहार के हर जिले में जाकर पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेगी और जनता तक राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी का संदेश पहुंचाएगी।

Read More News

Read More