News Saga Desk
दुमका : झारखंड के दुमका जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मसलिया थाना क्षेत्र के कोलारकोंदा पंचायत अंतर्गत बसमत्ता गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने करीब 9 साल पहले अपनी पहली पत्नी की भी हत्या की थी और हाल ही में जेल से बाहर आया था।
आरोपी की पहचान 47 वर्षीय राखीशल बेसरा के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम 35 वर्षीय बितनी हांसदा बताया गया है। घटना गुरुवार देर शाम की है।
जानकारी के मुताबिक, गांव में काली पूजा का मेला लगा हुआ था। राखीशल अपनी पत्नी को मेला जाने के लिए कह रहा था, लेकिन पत्नी ने शराब पी रखी थी और उसने मना कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी गांव में ही छिपा हुआ था, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
फिलहाल, पुलिस इस दोहरी हत्या के मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल में जुटी है।
No Comment! Be the first one.