रांची के मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर में पूजा के अलावा व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। नगर निगम ने दुकानों को 48 घंटे में बंद करने, होर्डिंग हटाने और मंदिर के सामने पार्किंग रोकने का निर्देश दिया है।
NEWS SAGA DESK:
रांची शहर के मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर को लेकर रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अब मंदिर परिसर में पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों के अलावा व्यावसायिक गतिविधियों को संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मेन रोड पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने सोमवार को मंदिर समिति और समाजसेवियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का जायजा लिया और मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों को 48 घंटे के भीतर संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही नगर निवेशक संजीव कुमार को संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार नोटिस जारी करने को कहा गया है। नगर निगम की कार्रवाई का उद्देश्य मंदिर परिसर को धार्मिक गतिविधियों के लिए व्यवस्थित करने के साथ श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाना है।
मंदिर के सामने वाहनों के पड़ाव पर रोक
निरीक्षण के दौरान मंदिर के सामने वाहनों के रुकने और पड़ाव लगाने पर भी रोक लगा दी गई। अधिकारियों का कहना है कि मंदिर के सामने वाहनों के खड़े होने से अक्सर यातायात प्रभावित होता है और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वाहनों की पार्किंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है। श्रद्धालुओं के वाहनों को डेली मार्केट के पास स्थित टैक्सी स्टैंड में नि:शुल्क पार्किंग की सुविधा देने की बात कही गई है। इससे मंदिर के सामने वाहनों का दबाव कम करने और जाम की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
मंदिर परिसर से हटेंगे विज्ञापन होर्डिंग
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में लगे विज्ञापन होर्डिंग को लेकर भी अधिकारियों ने सख्ती दिखाई। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए संबंधित होर्डिंग को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम के मुताबिक, मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने की यह पूरी कवायद श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर की जा रही है। साथ ही मेन रोड पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और मंदिर की धार्मिक गरिमा बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।
No Comment! Be the first one.