News Saga Desk
समस्तीपुर: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर के मिथिला मैदान से NDA के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में पीएम मोदी ने NDA सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और राजद-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला** बोला। उन्होंने मंच से कहा — “मिथिला के हृदय स्थली समस्तीपुर के सब लोग के प्रणाम करि छी।”
मोदी ने कहा कि NDA सरकार ने सामाजिक न्याय और आरक्षण को नई दिशा दी है। “हमने आरक्षण को 10 साल आगे बढ़ाया। डॉक्टर बनने की पढ़ाई में पिछड़ों और गरीबों को अब आरक्षण मिला — जो पहले कभी नहीं हुआ।”
प्रधानमंत्री ने नई शिक्षा नीति का ज़िक्र करते हुए कहा कि अब “गरीब का बेटा अपनी मातृभाषा में पढ़ और परीक्षा दे सकता है।” उन्होंने कर्पूरी ठाकुर का उदाहरण देते हुए कहा कि NDA सरकार ने उनके सपनों को साकार किया है।
राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी बोले — “हजारों करोड़ के घोटाले में लिप्त लोग जमानत पर घूम रहे हैं। चोरी की आदत इतनी गहरी है कि अब ये ‘जननायक’ की उपाधि भी चुराने में लगे हैं।”
मोदी ने कहा कि 2005 में NDA ने बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाई थी। “राजद बिहार से बदला लेता रहा कि जनता ने नीतीश जी को क्यों चुना। कांग्रेस को धमकाकर प्रोजेक्ट रुकवाए जाते थे। लेकिन NDA ने बिहार को नई रफ़्तार दी।”
उन्होंने दावा किया कि NDA सरकार ने कांग्रेस काल की तुलना में तीन गुना अधिक फंड बिहार को दिया। “दरभंगा तक एयरपोर्ट बना, बिजली, इंटरनेट और पानी से रोजगार के नए रास्ते खुले।”
प्रधानमंत्री ने कहा — “बिहार के किसानों के खातों में 28 हजार करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। समस्तीपुर के किसानों को ही 800 करोड़ मिले। अगर जंगलराज होता, तो ये पैसा रास्ते में चोरी हो जाता।”
राजद शासन पर निशाना साधते हुए मोदी बोले — “लालू राज अंधकार और भय का प्रतीक था। उस दौर में महिलाओं, दलितों और गरीबों की सुनवाई नहीं होती थी। थानों के दरवाजे बंद थे। नक्सलवाद फला-फूला। NDA ने बिहार को उस अंधकार से निकालकर विकास की रोशनी में लाया है।”
प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि बिहार के विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए NDA सरकार को फिर से मौका दें।
No Comment! Be the first one.