NEWS SAGA DESK
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अररिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद के 15 साल के शासन में बिहार में विकास पूरी तरह ठप रहा और राज्य में सिर्फ भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला था। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राजद के बीच झगड़ा अब खुलकर सामने आ गया है। “कुछ दिन पहले मैंने इनके आपसी मतभेद की सच्चाई देश के सामने रखी थी, अब दोनों के बीच की लड़ाई और तेज हो गई है। कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पद के दावेदार को आगे कर दिया है, जो खुद मीडिया में जाकर आरजेडी के जंगलराज की पोल खोल रहे हैं,” मोदी ने कहा। उन्होंने जोड़ा कि “चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस और आरजेडी के नेता एक-दूसरे के बाल नोचेंगे।”
मोदी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी को देश की सुरक्षा और जनता की आस्था की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि “कांग्रेस के नामदार नेता बिहार आकर छठी मइया की पूजा को ‘ड्रामा’ कहते हैं, यह हमारी संस्कृति और परंपरा का अपमान है। हमारी माताएं और बहनें छठ पर्व पर अन्न-जल तक नहीं ग्रहण करतीं, और ये लोग इसे नौटंकी बताते हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर करने के लिए लगातार काम कर रही है, जबकि “राजद और कांग्रेस इन घुसपैठियों को बचाने में लगे हैं और जनता को गुमराह करने के लिए झूठ फैला रहे हैं।”
राज्य के विकास का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि “नीतीश कुमार ने एनडीए सरकार में बिहार को जंगलराज से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई है। 2014 के बाद डबल इंजन की सरकार बनने से बिहार के विकास को नई रफ्तार मिली। पटना में IIT और AIIMS, बोधगया में IIM, दरभंगा में AIIMS का कार्य, भागलपुर में IIIT और चार केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि “आज बिहार नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस और राजद जैसे दल चाहते हैं कि राज्य फिर से पुराने जंगलराज में लौट जाए। जनता को तय करना है कि उसे विकास चाहिए या फिर नील बटे सन्नाटा।”
No Comment! Be the first one.