NEWS SAGA DESK
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ही-मैन कहलाने वाले धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले कई दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि बेटे बॉबी देओल की पीआर टीम ने की। धर्मेंद्र के जाने से पूरा बॉलीवुड और देशभर के उनके चाहनेवाले शोक में डूब गए हैं।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र को कुछ दिनों से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। 31 अक्टूबर को उन्हें रेगुलर चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। 10 नवंबर को उनकी तबीयत नाजुक बताई गई थी, जिसके बाद हेमा मालिनी, सनी देओल, ईशा देओल, करण देओल और राजवीर देओल हॉस्पिटल पहुंचे थे।
धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने की खबर पर सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा और अमीषा पटेल जैसे सितारे भी अस्पताल पहुंचे थे। धर्मेंद्र को इंडस्ट्री में उनके सादगीपूर्ण और मिलनसार स्वभाव के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
धर्मेंद्र का पूरा नाम धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल था। उनका जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसरानी गांव में हुआ था। उन्होंने 1960 में फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से अपने करियर की शुरुआत की थी और जल्द ही बॉलीवुड के सुपरस्टार बन गए।
उन्होंने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी प्रकाश कौर से उनके चार बच्चे सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता देओल और अजीता देओल हैं। 1980 में उन्होंने हेमा मालिनी से शादी की, जिनसे उनकी दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं।
अपने 65 साल के करियर में धर्मेंद्र ने शोले, चुपके-चुपके, सीता और गीता, धरमवीर, फूल और पत्थर, यादों की बारात जैसी कई सुपरहिट फिल्में दीं। हाल ही में वे रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (2023) और तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया (2024) में नजर आए थे।
उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ दिसंबर 2025 में रिलीज होगी, जिसमें वे अगस्त्य नंदा के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।
No Comment! Be the first one.