बिहार में 167 नए पावर सब-स्टेशन बनेंगे, उद्योगों को 24 घंटे मिलेगी बिजली

News Saga Desk

बिहार में विकास परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ रही है और इसी कड़ी में राज्य में करीब 167 पावर सब-स्टेशन बनाने की योजना तैयार की गई है। इनके निर्माण के बाद उद्योगों और उच्च तकनीकी कार्यालयों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। जानकारी के अनुसार, राज्य में विभिन्न कंपनियों द्वारा लगभग 1.80 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए गए हैं, जिसके बाद बिजली ढांचे को मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है।

दक्षिण बिहार में 76 और उत्तर बिहार में 91 सब-स्टेशन

बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण बिहार में 76 और उत्तर बिहार में 91 सब-स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। निर्माण कार्य उन क्षेत्रों में होगा जिन्हें उद्योगों के विकास के लिए चिन्हित किया गया है। एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिससे परियोजना जल्द गति पकड़ेगी।

2026 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

पावर सब-स्टेशन प्रोजेक्ट को वर्ष 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 1000 करोड़ रुपये खर्च अनुमानित है, जिसमें केंद्र और राज्य दोनों की हिस्सेदारी होगी। जिन उद्योग इकाइयों में बिजली की मांग अधिक होगी, उन्हें 11 केवी फीडर के माध्यम से नई व्यवस्था से सीधे सप्लाई दी जाएगी।

इंजीनियरों को तैयारी तेज करने का निर्देश

कंपनी नवीकरणीय ऊर्जा नीति पर भी काम कर रही है। नई औद्योगिक इकाइयों को सौर ऊर्जा सहित अन्य ग्रीन एनर्जी विकल्प अपनाने की सलाह दी जा रही है। बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के सीएमडी मनोज कुमार सिंह ने इंजीनियरों को निर्देश दिया है कि भविष्य की बिजली मांग को देखते हुए विद्युत संरचना की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली जाएं।

Read More News

Read More