श्रद्धा कपूर ने किया रणवीर सिंह की फिल्म का रिव्यू, बोलीं – अद्भुत अनुभव

News Saga Desk

आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है. दर्शकों के साथ-साथ सेलेब्स भी फिल्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं. अब इस लिस्ट में अभिनेत्री श्रद्धा कपूर का नाम भी जुड़ गया है. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर फिल्म का रिव्यू शेयर करते हुए इसे एक शानदार सिनेमाई अनुभव बताया है.

श्रद्धा कपूर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘धुरंधर’ को लेकर दो पोस्ट साझा किए. पहले पोस्ट में उन्होंने लिखा कि आदित्य धर फिल्म्स की ओर से ‘धुरंधर’ जैसी दमदार फिल्म बनाना वाकई काबिले-तारीफ है. वहीं दूसरे पोस्ट में उन्होंने मजाकिया अंदाज में फिल्म के दूसरे पार्ट को जल्द रिलीज करने की मांग कर दी.

श्रद्धा ने लिखा, “पार्ट 2 के लिए हमें तीन महीने तक इंतजार मत करवाइए, प्लीज रिलीज पहले कर दीजिए. क्या अद्भुत अनुभव है. अगर सुबह शूट नहीं होती तो कसम से अभी दोबारा देखने चली जाती.” इसके साथ उन्होंने 2025 की बेहतरीन फिल्मों में ‘छावा’, ‘सैयारा’ और ‘धुरंधर’ का भी जिक्र किया.

फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है. भारत में फिल्म अब तक 350 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है, जबकि दुनियाभर में इसका कलेक्शन 400 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. माना जा रहा है कि फिल्म जल्द ही 500 करोड़ क्लब में भी एंट्री कर सकती है.

‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और सौम्या टंडन अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. अक्षय खन्ना के ‘रहमान डकैत’ किरदार को दर्शकों और क्रिटिक्स से खास सराहना मिल रही है.

वहीं, फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर भी उत्सुकता चरम पर है. मेकर्स के मुताबिक ‘धुरंधर पार्ट 2’ 19 मार्च 2026 को रिलीज की जाएगी.
काम के मोर्चे पर श्रद्धा कपूर जल्द ही फिल्म ‘ईथा’ में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ रणदीप हुड्डा मुख्य भूमिका निभाते दिखेंगे.

Read More News

Read More